झारखंड के हजारीबाग में पुलिया निर्माण को लेकर लोगों की परेशानी अब सियासी मुद्दा बनती जा रही है। पूर्व वित्त एवं विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा को स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि केबी वूमंस कॉलेज और गुरु गोविंद सिंह पार्क के पास सड़क के दोनों छोर काट दिए गए हैं, जिससे आम जनता और परीक्षा देने जा रहे छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यशवंत सिन्हा ने तुरंत नगर

निगम प्रशासक से फोन पर संपर्क किया और जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने और पुलिया निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस पर नगर प्रशासक ने खेद जताते हुए भरोसा दिलाया कि 21 फरवरी तक आवागमन के लिए अस्थायी पथवे बना दिया जाएगा और अगले 10 दिनों में पुलिया निर्माण का काम पूरा कर लिया जाएगा। सिन्हा ने इस मुद्दे पर स्थानीय सांसद और विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और वे केवल राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।

