
हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक झामुमो समर्थित मेयर प्रत्याशी विकास राणा के समर्थन में बंशीलाल चौक स्थित चुनावी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में राज्य दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा, जिलाध्यक्ष संजीव बेदीया, जिला सचिव नीलकंठ महतो, केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के 1 से 36 वार्ड तक की चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और घर-घर संपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष संजीव बेदीया ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठन की पकड़ मजबूत है और जहां कमी है, वहां तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाताओं से सीधा संवाद बढ़ाएं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। मेयर प्रत्याशी विकास राणा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरेंगे। उन्होंने बताया कि उनका चुनाव चिन्ह “बेंच छाप” और क्रम संख्या 5 है। विकास राणा ने नगरवासियों से अपील की कि वे उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर हजारीबाग के विकास को नई दिशा दें।

