सुदेश कुमार के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन, सांसद-विधायक सड़कों पर

सुदेश कुमार के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन, सांसद-विधायक सड़कों पर

जनसमर्थन की लहर के बीच सुदेश कुमार के पक्ष में सड़कों पर उतरे सांसद-विधायक बुढ़वा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना से अभियान की शुरुआत, विभिन्न मोहल्लों में मिला उत्साहपूर्ण जनसमर्थन हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर मंगलवार को भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल और हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क किए । अभियान की शुरुआत बुढ़वा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद जनसंपर्क का कारवां अंबेडकर नगर, गड़ी खाना, बंशीलाल चौक, बड़ा बाजार, ग्वालटोली, मल्लाह टोली, विष्णु मंदिर गली, सरदार चौक, खिरगांव, हुरहुरु एवं पतरातु तक पहुंचा। चौक-चौराहों पर लोगों की टोलियां पहले से स्वागत के लिए मौजूद थी फूल-मालाओं, गुलदस्तों और नारों के साथ सांसद, विधायक एवं महापौर प्रत्याशी का भव्य अभिनंदन किया गया। कई स्थानों पर स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए समर्थन का आश्वासन दिया। बड़ा बाजार और बंशीलाल चौक जैसे व्यस्त इलाकों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर स्वागत किया, जबकि ग्वालटोली, मल्लाह टोली और खिरगांव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

पूरे अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अनुशासित तरीके से घर-घर संपर्क करते हुए मतदान के दिन अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते नजर आए। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और पारदर्शिता के पक्ष में अपना मत देगी। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और जवाबदेह महापौर ही शहर को नई दिशा दे सकता है। महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार ने कहा कि जनता का जो स्नेह और समर्थन उन्हें मिल रहा है, वह उनके लिए जिम्मेदारी और बढ़ा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाएगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और चुनावी माहौल चरम पर रहा। सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन इस बात का संकेत दे रहा था कि नगर निगम चुनाव को लेकर जनता पूरी तरह सक्रिय और सजग है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *