
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक की गई।बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 20 फरवरी तक मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में घर घर जाकर मतदाता पर्ची का वितरण करें तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करें।उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियाँ की जा रही हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान दल निर्धारित समय पर सभी बूथों पर पहुँचेंगे तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। माइक्रो ऑब्जर्वर एवं रिसीविंग पदाधिकारी भी लगातार भ्रमण करते रहेंगे।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बीएलओ, उनके परिवारजन अथवा चुनाव ड्यूटी से जुड़े कोई भी कर्मी किसी भी अभ्यर्थी के जुलूस, प्रचार या चुनाव अभियान में किसी भी परिस्थिति में शामिल नहीं होंगे। सभी कर्मियों को पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। सभी मतदान केन्द्रों पर चौकीदार, एनसीसी एवं नेहरू युवा केंद्र के वालंटियरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। नगर परिषद के प्रशासक को सभी बूथों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, मतदाता पर्ची वितरण की प्रगति तथा मतदान दिवस की तैयारियों जैसे मतदान कर्मियों का आवासन एवं भोजन, वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए परिवहन व्यवस्था आदि की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

