नगर निगम चुनाव 2026: उपायुक्त ने बूथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नगर निगम चुनाव 2026: उपायुक्त ने बूथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नगर निगम चुनाव 2026 की तैयारियों के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने आज सोमवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान दिवस पर मतदाताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त ने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैंप निर्माण कराने तथा विद्युत व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों एवं पुलिस बल के ठहरने हेतु उपयुक्त कक्षों का चयन किया जाए तथा वहाँ गद्दा, बेडशीट सहित आवश्यक सामग्रियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने मतदान केंद्रों एवं उनके आसपास विशेष साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर दिशा-सूचक संकेतक, आवश्यक दीवार लेखन एवं निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारु मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता एवं तत्परता से करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *