पांकी प्रखंड अंतर्गत आसेहार स्थित बच्चन प्ले स्कूल का द्वितीय वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वृंदावन से पधारे मुख्य अतिथि स्वामी रणधीर जी महाराज, आसेहार के उपमुखिया *, विद्यालय के निर्देशक कौशल किशोर बच्चन एवं सब्या कुमारी तथा उपस्थित अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था और ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निर्देशक कौशल किशोर बच्चन ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि स्वामी रणधीर जी महाराज ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सही दिशा देती है और प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव होती है। विशिष्ट अतिथि उपमुखिया ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के शैक्षणिक प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम रहा। नन्हें कलाकारों ने गीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से समाज को नशा छोड़ने का संदेश दिया। उपस्थित दर्शकों ने बच्चों की प्रस्तुति पर जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के निर्देशक कौशल किशोर बच्चन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उसे तराशने और उचित मंच प्रदान करने की। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं सामाजिक जागरूकता पर विशेष बल देता है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। द्वितीय वार्षिक उत्सव ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण परिवेश में भी प्रतिभा और संस्कार की मजबूत नींव रखी जा रही है, जो आने वाले समय में समाज को नई दिशा देगी।

