
कोलकाता में एमएलए बोर्ड लगी कार में बैठे फोटो के वायरल होने के बाद मची सियासी हलचल पर पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा उनके राजनीतिक विरोधियों की बेचैनी और ईर्ष्या का परिणाम है। अजहर इस्लाम ने स्पष्ट किया कि जिस गाड़ी की तस्वीर वायरल की गई है वह बंगाल नंबर की है और उनके विधायक रिश्तेदार के नाम से आवंटित पास वाली गाड़ी है। वायरल तस्वीर उसी दौरान की है जिसे जानबूझकर गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के द्वारा उन्हें बदनाम करने के इरादे से यूट्यूबरों के द्वारा वायरल करवाया गया। अपने राजनीतिक सफर के बाबत अज़हर ने कहा मुस्लिम समुदाय से होने के बावजूद एनडीए प्रत्याशी के रूप में मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई एवं करीब 70 हजार वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में वे ऐसे नेताओं से आगे रहे जो पहले विधायक रह चुके थे और दशकों से राजनीति में सक्रिय है। यही वजह है कि आज वही लोग उनकी बढ़ती लोकप्रियता से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वे लोगों के सुख दुख में खड़े हैं और विधानसभा क्षेत्र की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें दबाव में लाने के लिए उनके व्यवसाय को नुकसान पहुंचाया गया, फर्जी आरोप लगाए गए,चुनाव के दौरान उन पर हमला कराने की भी कोशिश हुई। अपनी छवि को धूमिल करने की कुत्सित प्रयास पर कहा कि वह जल्द ही न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

