बिहार की राजधानी पटना में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना चौक थाना क्षेत्र के पटना साहिब स्टेशन के पास बंगाली कॉलोनी की है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहम्मद रईस के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके को सील किया और एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए।

आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोप में मृतक के भांजे को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

