डिग्री कॉलेज बरही, हजारीबाग में 11 फरवरी 2026 को महाविद्यालय एवं विद्या विकास शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “सप्तशक्ति संगम” के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना था। चंदवारा ग्राम की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और समूह गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम सिंह ने कुटुंब प्रबोधन, भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। श्रीमती एकता कुमारी ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहीं जिला परिषद सदस्य श्रीमती नीतू यादव ने मातृशक्ति को अपनी आंतरिक क्षमता पहचानने की प्रेरणा दी। प्राचार्य डॉ. जय प्रकाश आनंद ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता को नई दिशा देते हैं।

