
टी20 विश्व कप में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में इन्फेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, अभिषेक को पिछले कुछ दिनों से पेट में तेज दर्द और असहजता महसूस हो रही थी, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया। फिलहाल उनकी सेहत की सही स्थिति जानने के लिए विभिन्न मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। टीम सूत्रों का कहना है कि नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उनके खेलने की संभावना बेहद कम है। हालांकि, टीम प्रबंधन उनकी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे है। डॉक्टरों ने अभी तक उनके डिस्चार्ज को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। अब देखना होगा कि टीम प्रबंधन उनके विकल्प के तौर पर किस खिलाड़ी को मौका देता है और क्या अभिषेक अगले मैचों तक फिट हो पाते हैं या नहीं।

