
नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की। सामान्य प्रेक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी संबंधित पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के क्रम में सामान्य प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों के आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों से भी संवाद कर क्षेत्र की परिस्थितियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी समेत अन्य उपस्थित थे।

