
नगरपालिका चुनाव के सफल क्रियान्वयन के मद्देनजर नियुक्त सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा ने कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर स्थित ब्रजगृह, मतपेटिका भंडारण केंद्र एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में सामान्य प्रेक्षक ने मतपेटिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था, ब्रजगृह की सतत निगरानी प्रणाली, सीसीटीवी कवरेज, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था एवं सुरक्षा बलों की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतपेटिकाओं की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा निर्देशों का अनुपालन किया जाए। सामान्य प्रेक्षक ने मतगणना के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए मतगणना स्थल पर टेबल प्लान, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना कार्य निर्बाध रूप से संपन्न कराया जा सके। सामान्य प्रेक्षक ने प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा मतदान एवं मतगणना कार्य में संलग्न कार्मिकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण को प्रभावी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि प्रशिक्षित एवं दक्ष कार्मिकों की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

