नोएडा का गार्डन गैलेरिया मॉल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सेक्टर-38 स्थित एक बार में डांस को लेकर दो पक्षों के बीच बीती रात कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बार से बाहर तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान बार के बाउंसर भी मौके पर पहुंचे और मारपीट में शामिल हो गए।

वायरल वीडियो में बाउंसरों पर जमीन पर गिरे युवक को पीटने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।

