जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की जानकारी मीडिया को दी। उपायुक्त ने बताया कि नगर निकाय चुनाव आम 2026 के लिए नामांकन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अंतिम सूची प्रकाशन के पश्चात अध्यक्ष पद हेतु कुल 10 तथा वार्ड सदस्य पद हेतु 89 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन से संबंधित बैठक के दौरान अभ्यर्थियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अभ्यर्थियों की अंतिम सूची, व्यय लेखा संधारण हेतु रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता की मार्गदर्शिका तथा निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से संबंधित आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों को व्यय लेखा जांच की निर्धारित तिथियों की जानकारी भी प्रदान की गई है।

निर्वाचन कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, 4 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 2 बीएसटी, 2 वीवीटी एवं 5 लेखा टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जांच अभियान के क्रम में एसएसटी टीम द्वारा चेकिंग के दौरान 3 लाख 50 हजार रुपये की जब्ती की गई है, जिसपर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक की राज्य निर्वाचन आयोग से प्रतिनियुक्ति की गई है। मतदान की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। मतगणना हेतु बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है।

