केंद्रीय बजट विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम: कैमूर में बोले एमएलसी संतोष कुमार सिंह खबर कैमूर से है, जहां पूर्व श्रम संसाधन मंत्री सह एमएलसी संतोष कुमार सिंह ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया है। शनिवार को भभुआ सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश का नागरिक नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसी सोच के साथ केंद्रीय बजट में उद्योग, स्वरोजगार और एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। संतोष सिंह ने दावा किया कि बजट में गरीब, मध्यम वर्ग और संपन्न वर्ग—सभी का संतुलन रखा गया है। उन्होंने कहा कि जलपोत और जलमार्ग विकास से बिहार को भी लाभ मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास अब कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है।
