केरल के पालक्काड जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पुलिस ने पालक्काड शहर के पास एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पालक्काड टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के पास रोकी गई इस वैन से जिलेटिन स्टिक्स के 100 से अधिक बॉक्स और 20 से ज्यादा बॉक्स डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि विस्फोटकों को तरबूज की खेप के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई बुधवार देर रात की गई। वाहन चालक सैंथिल को हिरासत में ले लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि विस्फोटक कोयंबटूर से लोड किए गए थे और त्रिशूर की एक खदान में ले जाए जा रहे थे। पुलिस को पहले से विस्फोटक लाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद चेकिंग के दौरान वाहन को रोका गया। चालक के न रुकने पर पीछा कर वैन को पकड़ा गया। मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
