सदर प्रखंड के तारानगर पंचायत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। तारानगर पंचायत के बुजुर्ग माता-पिता, पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम के पास पहुँचे थे। परिजनों ने बताया कि पाकुड़ स्थित सेवा नरसिंहम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला का गलत ऑपरेशन हो गया, जिसके बाद उसकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजहर इस्लाम ने तत्काल पहल करते हुए पीड़ित महिला को बेहतर और निःशुल्क इलाज दिलाने का प्रयास शुरू किया।अजहर इस्लाम ने रांची स्थित रिम्स से संपर्क कर वहाँ अध्ययनरत अपने मित्रों एवं सहयोगी चिकित्सकों की मदद से इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई।

हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद पीड़ित महिला और उसके परिजन मानसिक रूप से इतना साहस नहीं जुटा सके कि इलाज की जगह बदली जा सके। परिवार ने निर्णय लिया कि वर्तमान अस्पताल में ही इलाज जारी रखा जाएगा।इस संबंध में अजहर इस्लाम ने कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी किसी प्रकार का श्रेय लेना नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि वे मानते हैं कि ईमानदारी से किया गया प्रयास ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने परिवार के निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि कई बार परिस्थितियाँ इंसान को उसकी हिम्मत से बड़े फैसले लेने पर मजबूर कर देती हैं। अजहर इस्लाम ने स्पष्ट किया कि तारानगर पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में गरीबों, पीड़ितों और जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है और समाज के विकास के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

