बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर पहुंचे, जिसे देखकर सभी चौंक गए। पार्टी की तरफ से जानकारी दी गई कि तेजस्वी के बाएं पैर का अंगूठा घायल हो गया था और नाखून उखड़ जाने की वजह से उन्हें चलने में कठिनाई हो रही थी। तेजस्वी ने कहा, “नाखून निकल गया। कभी-कभी ऐसी चीजें हो जाती हैं।” इसके अलावा, तेजस्वी ने हाल ही में नीट छात्रा के रेप और हत्या के मामले को विधानसभा में उठाया।

उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मामले को तुरंत सुलझाने के बजाय इसे सीबीआई को सौंप दिया गया। उन्होंने प्रशासन की “भ्रष्ट, अयोग्य और अनप्रोफेशनल” स्थिति की आलोचना की। तेजस्वी ने कहा कि नवरुणा जैसे कई मामले सालों से बंद पड़े हैं और सवाल उठाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा।

