हिमाचल प्रदेश के धांडेरवाड़ी में भारी बर्फबारी के बीच भारतीय वायुसेना ने एक 85 वर्षीय लकवाग्रस्त महिला को आपातकालीन मेडिकल सहायता पहुंचाई। सड़क मार्ग बंद होने के कारण महिला को इलाज नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में IAF का चीता हेलीकॉप्टर शून्य दृश्यता और लगातार बर्फबारी के बीच उड़ान भरते हुए महिला को 9,000 फीट की ऊंचाई से सुरक्षित एयरलिफ्ट कर चंडीगढ़ पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से महिला की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। वायुसेना ने इस अभियान का वीडियो अपने आधिकारिक X हैंडल पर साझा किया, जिसमें बर्फ से ढके हेलीपैड पर स्ट्रेचर के माध्यम से महिला को हेलीकॉप्टर तक पहुँचाते देखा जा सकता है।

इससे पहले, मणिपुर में भी IAF ने तीन दिनों में लगभग 40,000 लीटर पानी गिराकर द्ज़ुको घाटी में लगी आग बुझाने में मदद की। Mi-17 V5 हेलीकॉप्टरों ने तेज हवा और कम दृश्यता के बीच राहत सामग्री गिराई, जिसे वायुसेना ने “संकट में सतर्क, कर्तव्य में अडिग” बताया।

