बीते 27 जनवरी को शहर में दंगा भड़काने व शांति भंग करने के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है।इस आशय की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। गत 27 जनवरी को गांधी चौक पर हुई सड़क दुघर्टना के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने उक्त कार्रवाई करते हुए महुआडांगा निवासी अजय प्रमाणिक, उर्फ अजय ठाकुर को गिरफ्तार किया। बताते चलें कि उक्त सड़क दुघर्टना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। डीएसपी अजय आर्यन ने बताया कि 27 जनवरी को सड़क दुर्घटना के बाद कुछ अवांछित तत्वों ने जानबूझकर भीड़ को उकसाया जिसके कारण करीब 500 से 600 लोगों की उग्र भीड़ तैयार की गई, जिसने शव उठाने से इनकार किया, मुख्य सड़कों को जाम किया और पूरे शहर को ठप कर दिया।डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आया कि गिरफ्त में आया आरोपी भीड़ को भड़काने, नारेबाजी कराने

और जाम को उग्र रूप देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।इस मामले में नगर थाना में क्रमशः 16/26 एवं 17/26 कांड दर्ज करते हुए लगभग 80 नामजद व 600 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।हिंसा के दौरान दुकानें जबरन बंद कराई गई, कई जगह तोड़फोड़ हुई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।डीएसपी अजय आर्यन ने दो टूक कहा कि यह गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत है। दंगा भड़काने वाले अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। शहर में स्थिति नियंत्रण में है, पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी जारी है।

