दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पूर्वी तट से समुद्र की ओर एक अज्ञात मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया का कहना है कि यह किसी घातक हथियार का परीक्षण हो सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दागा गया हथियार मिसाइल था या कोई तोपखाना प्रणाली और उसकी रेंज कितनी थी। दक्षिण

कोरिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है, जब उत्तर कोरिया हाल ही में सीमा पार ड्रोन उड़ाने के आरोपों को लेकर जवाबी कार्रवाई की धमकी दे चुका है। वहीं, दक्षिण कोरियाई सरकार ने किसी भी सैन्य ड्रोन उड़ान से इनकार किया है और मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले उत्तर कोरिया हाइपरसोनिक मिसाइल और लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलों का भी परीक्षण कर चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस से पहले उत्तर कोरिया सैन्य ताकत का प्रदर्शन कर रहा है।

