
मुंबई के विक्रोली इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टैगोर नगर में सड़क किनारे लगाए गए लाउडस्पीकर गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बच्ची के ऊपर अचानक लाउडस्पीकर गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर इलाके में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके लिए सड़क किनारे लाउडस्पीकर लगाए गए थे। स्पीकर का वायर सड़क पर पड़ा हुआ था। इसी दौरान कबाड़ ले जा रहे एक व्यक्ति के पैर में वायर फंस गया और संतुलन बिगड़ने से दोनों लाउडस्पीकर गिर पड़े। उसी वक्त बच्ची दौड़ते हुए वहां से गुजर रही थी और लाउडस्पीकर उसके ऊपर गिर गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

