
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद क्षेत्र की रेलवे लाइन पर बीती रात करीब 11 बजे एक संदिग्ध धमाका हुआ। घटना उस समय हुई जब मालगाड़ी फ्रेट कोरिडोर से गुजर रही थी। धमाके के कारण रेलवे लाइन का लगभग 12 फीट हिस्सा उड़ गया और मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान लोको पायलट घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। DIG रोपड़ रेंज नानक सिंह ने फिलहाल किसी आतंकी कृत्य से इनकार किया और इसे शरारती कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और स्पेशल टीमें वैज्ञानिक तरीके से मामले की छानबीन कर रही हैं। कोई बड़ी संपत्ति की हानि या जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा और जांच को कड़ा कर दिया है।

