
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी कस्बे में एक हिंदू छात्रा के साथ कथित तौर पर पांच मुस्लिम लड़कियों ने बुर्का पहनाने की कोशिश की। पीड़ित छात्रा के परिवार का आरोप है कि यह धर्मांतरण या लव जिहाद की साजिश हो सकती है। घटना 14 जनवरी की बताई जा रही है, जब छात्रा कोचिंग से लौट रही थी। आरोपी लड़कियों ने कथित तौर पर कहा कि उसे बुर्का पहनने पर अच्छा लगेगा और हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल कर लेने पर उसकी किस्मत बदल जाएगी। पीड़ित छात्रा घर पहुंचकर रोने लगी और भाई को पूरी घटना बताई। परिवार ने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने एंटी-कन्वर्जन कानून की धारा 3 समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने कहा कि सभी सबूतों और बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है।

