कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध आर्थिक गतिविधियों और हवाला रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए धनकुट्टी इलाके में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर किए गए ऑपरेशन में पुलिस ने लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, 61 किलोग्राम चांदी और नेपाली मुद्रा बरामद की। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मकान मालिक गुप्ता से जुड़े लोग शामिल हैं। एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि जांच में यह रैकेट बड़े पैमाने पर हवाला और काले धन के लेन-देन में शामिल पाया गया है और नेटवर्क नेपाल तक फैला हो सकता है।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और ज्वाइंट कमिश्नर विनोद कुमार ने कार्रवाई की निगरानी की। इस सफलता से कानपुरवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में और छापेमारी की जा सकती है, ताकि अवैध धन संचय और अपराध नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

