
गया जी जिले के सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिंधुगढ़ पुलिस ने झारखंड से लाई जा रही शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहन झारखंड से अवैध शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद दोनों वाहनों को रोका गया और थाने लाकर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में वाहनों में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, लेकिन जब पिकअप की ऊपरी बॉडी हटाई गई तो नीचे बनाए गए तहखाने से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 455 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में चार शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें श्याम कुमार और रामु साव, निवासी कोडरमा (झारखंड), जबकि आकाश प्रसाद और बिपुल कुमार नवादा (बिहार) के रहने वाले हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

