
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में ‘पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल’ का उद्घाटन किया। यह अस्पताल योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के संयोजन से उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। उद्घाटन समारोह में योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य प्रमुख गणमान्य उपस्थित थे। अस्पताल में हार्ट, ब्रेन, स्पाइन जैसी सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध हैं और यह आपातकालीन और गंभीर बीमारियों के लिए सेवाएं प्रदान करेगा। उद्घाटन के बाद अमित शाह ने योगपीठ परिसर में रात्रि विश्राम किया और स्वामी रामदेव व आचार्य बालकृष्ण के साथ चिकित्सा, शिक्षा और भारतीय परंपरा को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने पर विमर्श किया। अमित शाह ने पतंजलि द्वारा भविष्य में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में निभाई जाने वाली अग्रणी भूमिका के बारे में भी जानकारी ली। यह पहल आधुनिक चिकित्सा और भारतीय परंपरा के सामंजस्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
