न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में लगातार हो रही रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में अब तक कम से कम दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। पहली घटना पापामोआ के वेलकम बे इलाके में गुरुवार तड़के हुई, जहां एक घर पर भूस्खलन का मलबा गिर गया। हादसे में दो लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि घर में

फंसे दो अन्य लोगों के शव बाद में बरामद किए गए। दूसरी घटना माउंट माउंगानुई के बीचसाइड हॉलिडे पार्क के पास हुई, जहां कई वाहन, कारवां और ढांचे मलबे में दब गए। पुलिस के मुताबिक लापता लोगों की संख्या एक अंक में है। राहत और बचाव कार्य के लिए खोजी कुत्तों, हेलीकॉप्टरों और भारी मशीनरी की मदद ली जा रही है। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं।

