
दक्षिण अमेरिकी देश चिली में जंगलों में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी है। इस आग की चपेट में आने से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है। हालात की गंभीरता को देखते हुए चिली सरकार ने प्रभावित इलाकों में आपातकाल (इमरजेंसी) लागू कर दिया है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवाओं और भीषण गर्मी के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे कई रिहायशी इलाके भी प्रभावित हुए। आग में सैकड़ों घर जलकर खाक हो गए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दमकल विभाग, सेना और आपदा प्रबंधन एजेंसियां मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

