उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में काशी को लेकर हो रही आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि काशी के खिलाफ साजिश रची जा रही है, लेकिन इसके बावजूद भौतिक और सांस्कृतिक विकास लगातार किया जा रहा है। सीएम योगी ने कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि AI वीडियो के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है और सनातन की भावनाओं से खिलवाड़ हो रहा है।

वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि काशी ने देश की जीडीपी में करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये का योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि पहले काशी में श्रद्धालुओं की संख्या 5 हजार से 25 हजार के बीच रहती थी, जो अब बढ़कर 1.25 लाख से 1.50 लाख तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह काशी के विकास और बेहतर सुविधाओं का परिणाम है।

