आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा परख टेस्ट योजना के अंतर्गत प्री बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा 16 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है।उपायुक्त मनीष कुमार ने मध्य विद्यालय धनुषपूजा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।उपायुक्त ने परीक्षा दे रहे छात्रों से उन्हें आत्मविश्वास, धैर्य एवं सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है,

जिसमें बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपायुक्त ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा को फाइनल बोर्ड परीक्षा के समान वातावरण में आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों में समय प्रबंधन, अनुशासन एवं वास्तविक परीक्षा अनुभव विकसित करना है। प्रश्नपत्र बोर्ड पैटर्न के अनुरूप विशेषज्ञ शिक्षकों की विशेष टीम द्वारा तैयार किए गए हैं। कक्षा 10 वीं के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान एवं द्वितीय पाली में अंग्रेजी की परीक्षा दी। वहीं कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में भौतिकी, इतिहास, अकाउंटेंसी तथा द्वितीय पाली में हिंदी, अंग्रेजी, भाषा एवं कोर विषयों की परीक्षा दी।उपायुक्त ने सफल आयोजन के लिए सभी विद्यालयों, शिक्षकों, परीक्षा कर्मियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया।

