बाघमारा: रांची में अंश–अंशिका बच्चा चोरी मामले के उद्भेदन के बाद गुरुवार को धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत इंदिरा चौक बस स्टैंड पर दिनदहाड़े एक 9 वर्षीय बच्चे को उसकी असली माँ से छीनकर ले जाने का प्रयास किया गया। संदिग्ध महिला ने खुद को बच्चे की माँ बताते हुए भीड़ को गुमराह करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

बाघमारा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं व बच्चे को थाना ले जाकर पूछताछ की। जांच के दौरान रेवती देवी ने अपने बेटे रियौन राज के आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी असली माँ को सौंप दिया। पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से असंतुलित प्रतीत हो रही है। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

