भभुआ नगर परिषद ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। परिषद ने उन पांच संवेदकों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है, जिन्होंने कई महीनों से काम शुरू ही नहीं किया था। इन संवेदकों को जलापूर्ति, सड़क और नाली निर्माण से जुड़ी कुल 14 योजनाओं की जिम्मेदारी दी गई थी। नगर परिषद के अधिकारियों के मुताबिक, काम शुरू कराने के लिए संवेदकों को कई बार नोटिस भेजे गए और फोन पर भी संपर्क किया गया, लेकिन इसके बावजूद किसी ने काम शुरू नहीं किया। नतीजा यह रहा कि अलग-अलग वार्डों में विकास कार्य अटके रहे और लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आखिरकार नगर परिषद ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सभी पांच संवेदकों को ब्लैकलिस्ट कर दिया और उनकी बयाना राशि भी जब्त कर ली। इसके साथ ही कैमूर जिले के सभी सरकारी विभागों को सूचित कर दिया गया है कि ये संवेदक अब किसी भी टेंडर प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। नगर परिषद का कहना है कि अब इन सभी 14 योजनाओं के लिए जल्द ही दोबारा टेंडर जारी किए जाएंगे, ताकि रुके हुए विकास कार्य फिर से शुरू हो सकें। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में काम जमीन पर दिखेगा।

