एबीवीपी ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के पूर्व संध्या पर किया दीपोत्सव, नगर परिषद की व्यवस्था पर उठाए सवाल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के पूर्व संध्या पर प्रतिमा स्थल पर साफ सफाई अभियान एवं दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कहा, स्वामी विवेकानंद मात्र एक संन्यासी नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के ऊर्जा पुंज हैं। विद्यार्थी परिषद उनके ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचारों को आत्मसात कर शिक्षा और समाज में कार्य करती है। आज के युवाओं को उनके ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ के मंत्र को अपने जीवन में उतारना चाहिए।प्रतिमा स्थल की दुर्दशा पर क्षोभ प्रकट करते हुए उपाध्याय ने नगर परिषद को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी की प्रतिमा के चारों ओर धूल, गुटखा के रैपर और प्लास्टिक का अंबार

लगा होना प्रशासन की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस महापुरुष ने भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना देखा, उनकी प्रतिमा स्थल को नगर परिषद ने उपेक्षित छोड़ दिया है। यदि यही स्थिति रही तो पाकुड़ के युवा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।जिला संयोजक सुमित कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल जयंती मनाना नहीं जानती, बल्कि महापुरुषों के सम्मान की रक्षा करना भी जानती है। नगर परिषद अपनी कुंभकर्णी नींद से जागे अन्यथा परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराएंगे।कार्यक्रम में मुख्य रूप से सूरज कुमार, दिनेश पंडित, हर्ष कुमार, अंशु कुमार साह, आयुष पटवा, टोनी कुमार, शिवम कुमार, बजरंगी प्रसाद, कुणाल सिंह, सूरज, सुदीप दास, कृष्णा यादव,राजा शर्मा एवं आयुष चौरसिया सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

