
पाकुड़ जिले में कल्याण विभाग के जरिए करीब 12 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग की एंट्री हो चुकी है जिससे संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अभियान का नेतृत्व सीआईडी के डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार टीम ने मामले से जुड़ी फाइलों और बैंकिंग लेनदेन के विवरणों को खंगालना शुरू कर दिया है। टीम मूलतः इतनी बड़ी राशि के गबन और स्तरों पर किए जाने की तह तक जाने का प्रयास करेगी।जांच टीम ने जिला कल्याण पदाधिकारी व विभाग के नाज़िर से कड़ी पूछताछ की है। डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।CID अब उन तमाम बैंक खातों और बिचौलियों की पहचान कर रही है, जिनके माध्यम से सरकारी धन का बंदरबांट हुआ है। आने वाले दिनों में इस रडार पर विभाग के कुछ अन्य रसूखदार नाम भी आ सकते हैं। फिलहाल, टीम सभी दस्तावेजी साक्ष्यों को एकत्रित करने में जुटी है ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता चार्जशीट तैयार की जा सके।

