
रांची में भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनावों को टालने और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार नगर निकाय चुनाव टालकर शहरी जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। उनका आरोप है कि अफसरशाही के सहारे नगर निकायों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। रांची नगर निगम कार्यालय के समक्ष बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से चुनाव कराने की मांग उठाई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता को उनका संवैधानिक अधिकार जल्द से जल्द मिलना चाहिए। इस धरने के माध्यम से भाजपा ने नगर निकाय चुनावों की त्वरित घोषणा की मांग और शहरी जनता के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।

