
मंगलवार (6 जनवरी) सुबह राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चादर में ढकी रही। कई इलाकों में दृश्यता इतनी कम रही कि 200 मीटर तक भी कुछ साफ नजर नहीं आया। दिल्ली-NCR के लोग कड़ाके की ठंड के साथ-साथ घने कोहरे और प्रदूषण की दोहरी मार झेलते नजर आए। वायु गुणवत्ता की बात करें तो कुछ क्षेत्रों में AQI 180 दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश इलाकों में यह 286 तक पहुंचा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे सांस संबंधी परेशानियों वाले लोगों को खासा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 11 जनवरी तक कोहरे की स्थिति में खास सुधार के आसार नहीं हैं। कोहरे और प्रदूषण के चलते सड़क व हवाई यातायात पर भी असर पड़ सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

