दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह घने कोहरे और धुंध ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। सुबह की शुरुआत स्मॉग और कोहरे की मोटी परत के साथ हुई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। कोहरे और प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई। खासतौर पर दमा और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। एनसीआर के कई इलाकों में भी हालात समान बने हुए हैं, जहां विजिबिलिटी काफी

कम रही। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक, बुधवार सुबह राजधानी का AQI 383 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आशंका जताई है कि दिन के दौरान हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने दिनभर घने कोहरे की संभावना जताई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

