
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय की लोकप्रियता एक बार फिर देखने को मिली, जब रविवार देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मलेशिया से लौटते ही विजय को देखने के लिए हजारों फैंस एयरपोर्ट पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ के बीच निकलते समय थलपति विजय अचानक अपना संतुलन खो बैठे और फिसलकर जमीन पर गिर पड़े। राहत की बात यह रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और सुरक्षित उनकी गाड़ी तक पहुंचाया। विजय मलेशिया में अपनी फिल्म ‘जन नायकन’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट में शामिल होकर लौटे थे, जहां उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग देखने को मिली थी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थलपति विजय की स्टार पावर और फैंस की दीवानगी आज भी चरम पर है।

