मध्य प्रदेश के आगर मालवा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के प्रसिद्ध वासूपूज्य तारक धाम जैन मंदिर में देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो अज्ञात बदमाश चोरी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात बदमाश मंदिर परिसर में दाखिल हुए।

पहले उन्होंने इधर-उधर घूमकर रेकी की और फिर दान पेटियों को निशाना बनाया। कुछ ही मिनटों में चोर दो दान पेटियां तोड़कर करीब एक लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

