
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए। इस वर्ष देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 20 बच्चों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि ये पुरस्कार न केवल विजेता बच्चों को प्रोत्साहित करेंगे, बल्कि देशभर के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों ने वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान दिया है।

