बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी के 14 नंबर बोगी में आग लग गई, लेकिन समय रहते त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बोगी से उठते धुएं को देखकर ट्रेन गार्ड एके पांडेय ने स्टेशन प्रबंधक शैलेश कुमार को तुरंत जानकारी दी। स्टेशन प्रबंधक ने स्थानीय सीआईएसएफ अग्नि समन दस्ते को सूचना दी। रेलवे की हाई टेंशन तारों से विद्युत कट करने के बाद, अग्नि समन दस्ते ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कोयले में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया।

यह मालगाड़ी पतरातु कोलियरी से कोयला लेकर एपीजेजी प्लांट, गोडा जा रही थी। समय पर आग पर नियंत्रण पाए जाने से किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। रेलवे और सुरक्षा स्टाफ की तत्परता से हादसा टला और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।\

