
झरिया के मातृ सदन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सिंदरी क्षेत्र के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत खास परघा बस्ती निवासी राम कुमार मोदक की धर्मपत्नी सोनाली कुमारी सेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया था, लेकिन ऑपरेशन के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण हॉस्पिटल परिसर में एकत्र हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आग्रह पर सिंदरी की भाजपा नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं और प्रबंधन से वार्ता की। लंबी बातचीत के बाद मृतका के परिजनों की सहमति से अस्पताल प्रबंधन ने 8 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई। मौके पर अस्पताल प्रबंधन, स्थानीय मुखिया, सैकड़ों ग्रामीण और मृतका के परिजन मौजूद रहे।

