
उत्तर भारत में कोहरे और कड़ाके की सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के अधिकांश राज्य इस समय मौसम की दोहरी मार झेल रहे हैं। मैदानों में घना कोहरा, सूखी ठंड और बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, जबकि पहाड़ी राज्यों में लंबे सूखे के बाद बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, हालांकि मैदानों में फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत सीमित रहने की संभावना है।

