
बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। पटना के डीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी स्कूल अब सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक ही खुलेंगे। हालांकि, जिन कक्षाओं में प्री-बोर्ड और बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं, वे सामान्य समय पर ही संचालित होंगी। यह आदेश 19 से 25 दिसंबर तक लागू रहेगा। वहीं, छपरा में ठंड को देखते हुए 10वीं तक के सभी स्कूल 21 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं, जबकि 11वीं और 12वीं की कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेंगी। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

