दिल्लीवासियों को नए साल पर बड़ी सौगात मिलने जा रही है। ओला और उबर को टक्कर देने के लिए 1 जनवरी 2026 से दिल्ली में ‘भारत टैक्सी ऐप’ लॉन्च किया जाएगा। सहकारी मॉडल पर आधारित यह ऐप यात्रियों के साथ-साथ ड्राइवरों के लिए भी फायदेमंद साबित होने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, भारत टैक्सी ऐप में यात्रियों को पीक आवर्स के दौरान ज्यादा किराये से राहत मिलेगी, जबकि ड्राइवरों को किराये का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मिलेगा। इस ऐप को सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा ऑपरेट किया जाएगा। दावा है कि यह मॉडल टैक्सी सेक्टर में बड़ा

बदलाव लाएगा और ड्राइवर व यात्रियों—दोनों के हितों को प्राथमिकता देगा। भारत टैक्सी ऐप के तहत कार, ऑटो और बाइक टैक्सी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में इसका ट्रायल पूरा हो चुका है और अब तक करीब 56 हजार ड्राइवरों ने पंजीकरण करा लिया है। दिल्ली के साथ-साथ गुजरात के राजकोट में भी इसका ट्रायल चल रहा है, जहां 1 फरवरी से सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

