
जयंत सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में बोकारो की जनता ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करते हुए सड़क मार्ग को बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने प्रदर्शनकारी जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस दुखद घटना में जनता के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों को बोकारो की धरती पर किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक श्वेता सिंह ने प्रशासन से हत्याकांड की तेज और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से लोगों को आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत कराया गया।

