रांची में भाजयुमो का प्रदर्शन, छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर पुतला दहन

रांची में भाजयुमो का प्रदर्शन, छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर पुतला दहन


भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजयुमो का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। छात्रवृत्ति की मांग को लेकर भाजयुमो ने जिला स्कूल परिसर से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक विशाल शव यात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजयुमो अध्यक्ष शशांक राज और जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में डूबी राज्य सरकार ने गरीब और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। युवा मोर्चा नेताओं ने राज्य सरकार से अविलंब छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित करने और छात्र हित में ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *