देवघर में अवैध बालू उठाव और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर देवघर अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण पर रोक लगाने को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में रात्रि समय सरसा तावाघाट क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 20 हजार सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जब्त बालू को विधिवत कब्जे में लेते

हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि देवघर अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण को लेकर रात्रि औचक निरीक्षण लगातार जारी है। बिना चलान के बालू और गिट्टी की ढुलाई या अवैध भंडारण में संलिप्त वाहन मालिकों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।

