
आगामी त्योहारों को देखते हुए गुमला जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेकरी और मांस दुकानों पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। कुछ प्रतिष्ठानों में FSSAI लाइसेंस नहीं होने, जबकि कई जगहों पर स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। इस संबंध में उपायुक्त गुमला ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को FSSAI लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने, स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
